हाउस टैक्स बढ़ोतरी पर भड़के गाजियाबाद के व्यापारी, 6 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना का ऐलान

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई बढ़ोतरी के विरोध में गाजियाबाद के व्यापारियों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। व्यापारियों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 6 अगस्त से नवयुग मार्केट में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि जब तक बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस नहीं लिया जाता या राहत देने वाला कोई ठोस फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस आंदोलन को गाजियाबाद RWA फेडरेशन का भी समर्थन मिल गया है।

रोज सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक होगा धरना

बैठक में तय किया गया कि 6 अगस्त से प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नवयुग मार्केट में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम द्वारा बढ़ाया गया हाउस टैक्स पूरी तरह अव्यावहारिक है और इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

हाउस टैक्स वृद्धि वापस लेने की मांग

व्यापारियों ने मांग की कि नगर निगम हाउस टैक्स में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस ले और कर निर्धारण की प्रक्रिया की दोबारा समीक्षा कर लोगों को राहत प्रदान करे। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था शहर के व्यापार और आम जनता दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है।

RWA फेडरेशन ने आंदोलन को बताया जनहित का मुद्दा

बैठक में मौजूद गाजियाबाद RWA फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग ने कहा कि बढ़ा हुआ हाउस टैक्स केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे शहर के नागरिकों का मुद्दा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फेडरेशन इस लड़ाई में व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर हाउस टैक्स वृद्धि सहित शहर की अन्य जनसमस्याओं को भी उठाया जाएगा।

सकारात्मक निर्णय तक जारी रहेगा आंदोलन

बैठक के संयोजक एवं सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने कहा कि 6 अगस्त से शुरू होने वाला धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक नगर निगम हाउस टैक्स बढ़ोतरी वापस नहीं लेता या इस संबंध में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं करता।

उन्होंने शहर के सभी व्यापारी संगठनों और नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे गाजियाबाद के हितों से जुड़ा मुद्दा है।

बैठक में कई व्यापारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में RWA फेडरेशन के चेयरमैन आर.के. गर्ग, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश शर्मा, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक गर्ग, प्रीतम लाल, सुभाष गुप्ता, सुभाष छावड़ा, मनवीर नागर, रजनीश बंसल, मुनेन्द्र आर्य, हरवीर गांधी, आर.के. आर्या, राज किशोर गुप्ता, गौरव बंसल, सुनील चाचा, राजू छावड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि हाउस टैक्स वृद्धि वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *