उर्स-ए-रजवी पर रेलवे का बड़ा तोहफा: बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव, आठ अगस्त को चलेंगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी के 108वें उर्स-ए-रजवी में देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीनों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। छह से आठ अगस्त तक बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों को अतिरिक्त अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इनमें सामान्य दिनों में जंक्शन पर नहीं रुकने वाली छह सुपरफास्ट ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके अलावा 20 ट्रेनों के ठहराव की अवधि बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में किसी तरह की परेशानी न हो।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि आठ अगस्त को यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए तीन जोड़ी विशेष अनारक्षित (अनरिजर्व्ड) ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। ये विशेष ट्रेनें बरेली-सहारनपुर, इज्जतनगर-लालकुआं और बरेली सिटी-पीलीभीत रूट पर चलेंगी।

इन ट्रेनों को मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

रेलवे के अनुसार उर्स अवधि में 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 12356 अर्चना एक्सप्रेस, 12470 जम्मूतवी-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट, 15212 जननायक एक्सप्रेस, 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14618 जनसेवा एक्सप्रेस और 14230 योग नगरी ऋषिकेश-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस को बरेली जंक्शन पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। इसके अलावा 14673 शहीद एक्सप्रेस, 14649 सरयू-यमुना एक्सप्रेस, 14617 जनसेवा एक्सप्रेस, 12317 कोलकाता-अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस, 12325 कोलकाता-नांगल डैम एक्सप्रेस, 18103 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस, 13258 पटना-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस, 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस, 13257 आनंद विहार-पटना जनसाधारण एक्सप्रेस, 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस और 12557 सप्तक्रांति एक्सप्रेस को भी अतिरिक्त अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है।

आठ अगस्त को बदलेगा एक पैसेंजर ट्रेन का समय

रेलवे ने बताया कि 64177 बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर आठ अगस्त को अपने निर्धारित समय दोपहर 2:40 बजे के बजाय शाम 3:45 बजे बरेली से रवाना होगी। यात्रियों से संशोधित समय के अनुसार यात्रा करने की अपील की गई है। उधर, दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर चल रहे उच्चीकरण कार्य के चलते चार ट्रेनों का वहां ठहराव 13 अक्टूबर तक निरस्त कर दिया गया है। रेलवे के अनुसार 15013 जैसलमेर-काठगोदाम एक्सप्रेस, 20963 साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 19601 उदयपुर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस और 12372 बीकानेर-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस इस अवधि में दिल्ली कैंट स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। यात्रियों को यात्रा से पहले अपने ट्रेन का अपडेट अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *