बरेली। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को बरेली साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई 8 लाख 49 हजार 199 रुपये की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर पुलिस का आभार जताया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गुलड़िया धीमर बबूरा गांव निवासी अनमोल सिंह ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सतेंद्र पाल सिंह उर्फ प्रिंस नाम बताकर एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया। आरोपी ने पर्यटक वीजा के साथ विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। विश्वास में लेकर उसने अलग-अलग माध्यमों से 8 लाख 49 हजार 199 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई साइबर पुलिस
ठगी का अहसास होते ही अनमोल सिंह ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पहले इंस्पेक्टर कामेश सिंह ने जांच शुरू की, जिसे बाद में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने आई4सी (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल, संबंधित बैंकों और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर धनराशि के ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद साइबर पुलिस ने ठगी गई पूरी रकम रिकवर कर पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
साइबर ठगी से बचने की अपील
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर बैंक खाता, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है।













Leave a Reply