नोएडा। दिल्ली और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी तेज हो गई है। लंबे समय से प्रस्तावित इस परियोजना का रूट अलाइनमेंट अब फाइनल कर लिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसका अंतिम डिजाइन तैयार कर नोएडा प्राधिकरण को भेज दिया है। परियोजना का निर्माण भी एनएचएआई ही करेगा।
सेक्टर-94 से शुरू होकर एयरपोर्ट तक पहुंचेगा एक्सप्रेसवे
फाइनल अलाइनमेंट के अनुसार एक्सप्रेसवे नोएडा के सेक्टर-94 से शुरू होगा। यहां से यह ग्रेटर नोएडा के फाई-4 क्षेत्र से गुजरते हुए यमुना प्राधिकरण की 120 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेगा और अंत में यीडा सिटी के सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचेगा।
पहले चरण में एयरपोर्ट तक, दूसरे चरण में दिल्ली से सीधा कनेक्शन
परियोजना के पहले चरण में सेक्टर-94 से सेक्टर-21ए तक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। दूसरे चरण में इसे दिल्ली के अक्षरधाम के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे राजधानी दिल्ली से एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में
करीब 50 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का लगभग 27 किलोमीटर हिस्सा नोएडा प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आएगा। यह मार्ग सेक्टर-150, मंझावली पुल और यमुना क्षेत्र से होकर गुजरेगा। मंझावली पुल के जुड़ने से हरियाणा के फरीदाबाद से भी एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान और कम समय का हो जाएगा।
छह लेन का होगा एलिवेटेड एक्सप्रेसवे
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश के अनुसार पूरा एक्सप्रेसवे छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर होगा। इसके बनने से नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली के मयूर विहार, अक्षरधाम, पटपड़गंज, कालिंदी कुंज, सरिता विहार समेत आसपास के इलाकों के लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक तेज और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, फरीदाबाद के यात्रियों को भी एयरपोर्ट तक पहुंचने में काफी कम समय लगेगा।













Leave a Reply