बीडीए पास बताकर बेच दिए घर, फिर चला बुलडोजर, धनराज बिल्डर्स के बेटे समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

धनराज बिल्डर्स

बरेली शहर की चर्चित आवासीय परियोजना कृष्णा सिटी एक बार फिर विवादों में आ गई है। बीडीए से स्वीकृत कॉलोनी और तैयार मकान का सपना दिखाकर लाखों रुपये वसूलने के आरोप में धनराज बिल्डर्स के बेटे समेत तीन के खिलाफ कैंट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश पर दर्ज की गई है। आरोप है कि बिल्डर ने खरीदार को बीडीए अप्रूवल और वैध निर्माण का भरोसा दिया, लेकिन बाद में वही मकान बीडीए की कार्रवाई में जमींदोज हो गया।

लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार स्थित सुंदर बिहार कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2016 में उनकी पत्नी अनीता कठारिया ने धनराज बिल्डर्स की परियोजना में 60 वर्ग गज का मकान बुक कराया था। उस समय परियोजना का नाम लक्की होम था, जिसे बाद में बदलकर कृष्णा सिटी कर दिया गया। शिकायत के मुताबिक बिल्डर के प्रतिनिधियों ने कॉलोनी को बीडीए से स्वीकृत बताते हुए सभी दस्तावेज दिखाए और भरोसा दिलाया कि खरीदार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

किस्त-किस्त में वसूली पूरी, फिर बैनामे में बदल दिया खेल

पीड़ित का आरोप है कि तय शर्तों के अनुसार किस्तों में पूरी रकम जमा करा ली गई। इसके बाद वर्ष 2022 में बैनामा कराया गया, लेकिन वहां तैयार मकान की जगह प्लॉट का उल्लेख कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी गई और फर्जी दस्तावेजों के सहारे पूरा सौदा कर दिया गया।

कब्जा दिया, फिर बुलडोजर चल गया

पीड़ित ने शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2023 में बिल्डर ने मकान का कब्जा भी दे दिया, लेकिन न तो निर्माण का बीडीए से नक्शा पास था और न ही कॉलोनी पूरी तरह वैध थी। कुछ ही समय बाद बीडीए ने कार्रवाई करते हुए मकान ध्वस्त कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जिस घर के लिए वर्षों तक किस्तें चुकाईं, वह कुछ ही घंटों में मलबे में बदल गया।

बीडीए कर्मचारियों से मिलीभगत का भी आरोप

अनिल कुमार ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि बिल्डर की बीडीए के कुछ कर्मचारियों से सांठगांठ थी। उनका दावा है कि जिन खरीदारों से पूरी रकम वसूली जा चुकी थी, उन्हीं के मकानों पर कार्रवाई हुई, जबकि अन्य निर्माणों को छोड़ दिया गया। बिना नोटिस मकान गिराए जाने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।

एसएसपी के आदेश पर मुकदमा, जांच शुरू

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार एसएसपी अनुराग आर्य के हस्तक्षेप के बाद कैंट थाना पुलिस ने धनराज बिल्डर्स के बेटे शशांक शर्मा, रवि सैनी, और क्लर्क सोनिया के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस पूरे प्रकरण में दस्तावेजों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *