बरेली पहुंचे थल सेना प्रमुख, परिचालन तैयारियों और युद्धक क्षमता का लिया जायजा, चुनौतियों से निपटने का दिया मंत्र

up news

बरेली। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को बरेली स्थित उत्तर भारत एरिया मुख्यालय का दौरा कर सेना की परिचालन तैयारियों, आधुनिक युद्धक क्षमता और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्हें वर्तमान परिचालन स्थिति, तकनीक आधारित प्रशिक्षण, स्वदेशी नवाचारों और सैन्य क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

सेना प्रमुख ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि युद्धक तैयारियों को और मजबूत करना, अत्याधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाना तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भारतीय सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को भविष्य की हर चुनौती का प्रभावी और निर्णायक ढंग से सामना करने के लिए लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है।

159

मंगलवार रात पहुंचे थे बरेली कैंट, सुरक्षा रही चाक-चौबंद

सैन्य सूत्रों के अनुसार जनरल धीरज सेठ मंगलवार रात बरेली कैंट स्थित सेना मुख्यालय पहुंचे थे। उनके दौरे को लेकर सैन्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई थी। कैंट के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और कई स्थानों पर नाकाबंदी भी की गई। सेना के साथ स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया। दोपहर बाद से ही सैन्य क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात रहे और खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय रहीं। सैन्य अधिकारियों के अनुसार यह दौरा औचक था, इसलिए सुरक्षा प्रबंध बेहद गोपनीय रखे गए।

अधिकारियों के साथ बैठक, पूर्व सैनिकों से भी किया संवाद

दौरे के दौरान सेना प्रमुख का विभिन्न सैन्य इकाइयों का भ्रमण, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ रणनीतिक बैठक और विशिष्ट कार्य कर रहे पूर्व सैनिकों से संवाद का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। हालांकि, उनके बरेली पहुंचने में विलंब होने के कारण दोपहर के कुछ कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि वीआईपी मूवमेंट को लेकर सेना की ओर से सहयोग मांगा गया था। इसके बाद सेना द्वारा निर्धारित रूटों पर यातायात पुलिस की विशेष तैनाती की गई, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *