उर्स-ए-रजवी पर हाई अलर्ट: 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में बंटा बरेली, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

उर्स-ए-रजवी

बरेली 108वें उर्स-ए-रजवी को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को संदेश दिया कि उर्स के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहकर हर व्यवस्था पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम अविनाश सिंह ने बैठक में बताया गया कि 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-रजवी की निगरानी के लिए पूरे जिले को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो सुरक्षा व्यवस्था से लेकर भीड़ नियंत्रण तक हर व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि लाखों जायरीन बिना किसी परेशानी के उर्स में शामिल होकर सुरक्षित लौट सकें।

उर्स-ए-रजवी

स्काई वॉक और संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी परिवर्तन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान नहीं आना चाहिए। उन्होंने स्काई वॉक, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों से समन्वय, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।

रूट डायवर्जन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर मंथन

बैठक में उर्स-ए-रजवी के दौरान रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और प्रमुख आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और यातायात भी सुचारु बना रहे। इसके लिए पहले से तय प्लान के अनुसार सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे।

उर्स-ए-रजवी

स्वच्छता से लेकर एम्बुलेंस तक हर व्यवस्था होगी दुरुस्त

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उर्स-ए-रजवीके दौरान स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, 108 एम्बुलेंस, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं हर हाल में सुचारु रखी जाएं। उन्होंने कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए उर्स का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *