बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला बुधवार को अपने चार बच्चों के साथ जिलाधिकारी अविनाश सिंह के कार्यालय पहुंची और पति व ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला ने खुद और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भोजीपुरा क्षेत्र के गांव बुझिया जनूबी निवासी रेशमा देवी ने बताया कि उसकी शादी करीब 14 वर्ष पहले मान सिंह पाल के साथ हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। रेशमा का आरोप है कि पिछले काफी समय से घरेलू विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। उसका कहना है कि देवरानी के साथ होने वाले विवाद में पति और ससुर हमेशा उसका पक्ष लेते हैं और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया जाता है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति बच्चों के पालन-पोषण और उनकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च भी ठीक से नहीं उठाते। घर की जिम्मेदारियों से दूरी बनाए रखते हुए वह अपनी कमाई अन्य कामों में खर्च कर देते हैं, जिससे बच्चों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।
रेशमा का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले पति, ससुर और देवरानी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने से उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी, जिसके चलते कई टांके लगाने पड़े। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और स्वयं तथा अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, जिलाधिकारी ने शिकायत सुनने के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।













Leave a Reply