बरेली। पीलीभीत बाइपास रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन रोकने के बजाय बाइक को अपने साथ करीब 500 मीटर तक घसीटता चला गया। सड़क पर घिसटती बाइक से निकलती चिंगारियां दूर तक दिखाई देती रहीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। फिलहाल कार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे बारादरी थाना क्षेत्र के सतीपुर चौराहे के पास हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और बाइक सड़क पर घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई। इस दौरान लोहे के सड़क से रगड़ खाने के कारण लगातार चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।

पीछे चल रहे युवकों ने मोबाइल में कैद किया पूरा घटनाक्रम
हादसे के समय कार के पीछे चल रहे दो बाइक सवार युवकों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार के अगले हिस्से में बाइक फंसी हुई है और वह सड़क पर घिसटती चली जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों ने घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जतानी शुरू कर दी हैं। कई लोग इसे लापरवाही तो कुछ लोग हिट एंड रन का मामला बता रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे कार चालक तक पहुंचने की कोशिश
घटना की सूचना मिलने के बाद बारादरी पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो का भी तकनीकी विश्लेषण कर रही है ताकि कार का नंबर और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस बोली- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह के अनुसार वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार चालक की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त बाइक सवार के साथ आखिर क्या हुआ था। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने लाए जाएंगे।













Leave a Reply