बरेली। बरेली कॉलेज में सोमवार को अव्यवस्थाओं और लंबित मांगों को लेकर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने परीक्षा हाल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी छात्र सभा के नेताओं ने कॉलेज प्रशासन मुर्दाबाद, छात्र एकता जिंदाबाद और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कॉलेज में बाहरी तत्वों का अनावश्यक हस्तक्षेप बढ़ गया है, जिससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखी गई थीं, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इन मांगों को लेकर खोला मोर्चा
- कॉलेज के खेल मैदान का उपयोग किसी भी राजनीतिक या सरकारी कार्यक्रम के लिए न किया जाए।
- छात्रावास परिसर में स्थापित क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक कॉलेज के प्रमुख स्थान पर स्थापित किया जाए।
- खेल सुविधाओं में सुधार कर छात्रों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव जल्द कराए जाएं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगी भूख हड़ताल
समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने से छात्रों को आवागमन में हुई परेशानी
धरने के चलते बरेली कॉलेज के कई छात्रों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि छात्र नेताओं का कहना था कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए यह विरोध आवश्यक है। प्रदर्शन में समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, प्रदेश सचिव संजय मेवाती, शिव प्रताप सिंह, दीपक यादव, अमर यादव, किशन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।













Leave a Reply