नाबालिग को अगवा कर दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को दबोचा, बोला- साहब, माफ कर दो

दुष्कर्म

बरेली। देवरनिया क्षेत्र से नाबालिग किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की बरामदगी, बयान और मेडिकल रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीर मानते हुए पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराएं बढ़ा दीं। बुधवार सुबह आरोपी को सेमीखेड़ा फाटक के पास से दबोच लिया गया।

31 जुलाई को पीड़िता के पिता ने देवरनिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी को रोहित पुत्र सूरजपाल निवासी ग्राम रटा, थाना तिलहर (शाहजहांपुर) बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर रोहित के अलावा शानू और शिब्बा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

सकुशल मिली किशोरी, खुली वारदात की परतें

विवेचना के दौरान पुलिस ने एक अगस्त को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद न्यायालय में दर्ज कराए गए बयान और चिकित्सीय परीक्षण की रिपोर्ट सामने आने पर जांच की दिशा बदल गई। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म से संबंधित धारा बढ़ाई गईं।

सेमीखेड़ा फाटक पर घेराबंदी, आरोपी गिरफ्तार

मामले में लगातार दबिश दे रही देवरनिया पुलिस ने बुधवार सुबह करीब 10:50 बजे सेमीखेड़ा फाटक के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।

अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस का कहना है कि मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *