बरेली। मीरगंज क्षेत्र में रास्ते के विवाद से परेशान एक युवक ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह की कोशिश कर दी। जैसे ही डीएम की गाड़ी गेट पर पहुंची युवक ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया और उसे अपने साथ ले गए। समय रहते हस्तक्षेप होने से बड़ा हादसा टल गया।

मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव खमरिया साहनी निवासी 47 वर्षीय लाल सिंह गंगवार अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उनका आरोप है कि उनके घर के बराबर रहने वाला एक होमगार्ड, जो एसडीएम मीरगंज कार्यालय में तैनात है, उनके आने-जाने का रास्ता बंद किए हुए है। कई बार शिकायत करने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इससे आहत होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट गेट पर ही खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया।

जांच में भी मिली रास्ता बंद होने की पुष्टि

मामले की राजस्व विभाग से कराई गई जांच में भी सरकारी खड़ंजा मार्ग अवरुद्ध मिलने की बात सामने आई है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, गांव के चन्द्रपाल और रामप्रकाश ने रास्ते पर वाहन खड़े कर, जानवर बांधकर और लकड़ियां रखकर रास्ता रोक रखा है। इसी मार्ग से लाल सिंह समेत कई परिवारों का आवागमन होता है, जिससे उन्हें रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका है। वर्ष 2023 में पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था, जिसमें रास्ता बाधित न करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में प्रशासन ने रास्ते से जानवर और अन्य अवरोध हटवाए थे, लेकिन कुछ समय बाद फिर रास्ता बंद कर दिया गया।

रिपोर्ट में जताई गई थी बड़ी अनहोनी की आशंका

जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में साफ लिखा था कि सरकारी रास्ता बंद होने से गांव में तनाव का माहौल है और बिना पुलिस बल के विवाद का समाधान संभव नहीं है। रिपोर्ट में समय रहते कार्रवाई न होने पर किसी बड़ी अनहोनी की आशंका भी जताई गई थी। गुरुवार को कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह के प्रयास की घटना ने उस आशंका को सच साबित करने जैसी स्थिति पैदा कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में लेकर समझाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन अब पूरे मामले की दोबारा जांच कराने और रास्ते के विवाद का समाधान कराने की तैयारी में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *