up newsपरिजनों से बात करते पुलिस अधिकारी

बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बखतपुर में बुधवार रात हुए गोलीकांड में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी वीर सिंह को अपनी पत्नी के मायके जाने के लिए बहन संतोषी जिम्मेदार लगती थी। इसी रंजिश ने शराब के नशे में हुए विवाद को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। वारदात में भांजा आकाश की मौके पर मौत हो गई, जबकि बहन संतोषी गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले वीर सिंह अपने भांजे आकाश के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शोर सुनकर संतोषी बीच-बचाव के लिए पहुंची तो आरोपी ने तमंचे से पहले आकाश और फिर अपनी बहन पर गोली चला दी।

पत्नी के मायके जाने से था नाराज

गांव में चर्चा है कि वीर सिंह की पत्नी सुषमा करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। आरोप है कि वह पति के व्यवहार से परेशान थी। वीर सिंह को शक था कि उसकी बहन संतोषी ने ही पत्नी को उसके खिलाफ भड़काया, जिससे वह मायके चली गई। माना जा रहा है कि शराब पीने के दौरान इसी मुद्दे पर वीर सिंह और आकाश के बीच विवाद हुआ और मामला गोलीकांड तक पहुंच गया। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी बना सबसे बड़ा सबूत

घटना प्रधान के पति भूपेंद्र के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो से घटना के क्रम और आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि होगी। घायल संतोषी की 15 वर्षीय बेटी भावना ने बताया कि देर रात मामा और मां के बीच विवाद हो रहा था। मामा शराब के नशे में था। पहले उसने भाई आकाश को गोली मारी और फिर मां पर फायर कर दिया। पिता की मौत के बाद पूरा परिवार मामा के घर के पास ही रह रहा था। घटना के बाद परिवार दहशत में है।

कोख में लगी गोली, हालत गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार, संतोषी को लगी गोली कोख के रास्ते पेट से बाहर निकल गई। एक्स-रे में गोली शरीर के भीतर नहीं मिली। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वारदात के बाद आरोपी वीर सिंह तमंचा लेकर फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *