बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भूमि स्वामी कांता प्रसाद गंगवार और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने राजस्व टीम के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने तत्काल पेट्रोल की बोतल छीन ली और दोनों पर पानी डालकर उन्हें सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कांता प्रसाद गंगवार का आरोप है कि उनकी गाटा संख्या 232 की जमीन का एक हिस्सा फतेहगंज पश्चिमी-भोजीपुरा मार्ग निर्माण में चला गया था। शेष बची करीब एक बीघा चार बिस्वा भूमि पर पड़ोसी खेत मालिक अख्तर हुसैन ने कब्जा कर लिया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से तहसील प्रशासन से कब्जा हटवाने की मांग कर रहे थे, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार से मदद मांगी, जो पिछले एक वर्ष से इस मामले की पैरवी कर रही थीं।

पैमाइश के दौरान बढ़ा विवाद, टीम लौटने लगी तो उठाया आत्मदाह का कदम

बताया गया कि शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन दूसरे पक्ष ने मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन होने की बात कही, जिसके बाद टीम लौट गई। शनिवार को तहसीलदार आशीष कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम दोबारा गांव पहुंची। करीब एक घंटे तक पैमाइश चली, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। जब टीम वापस जाने लगी तो नाराज कांता प्रसाद और ममता गंगवार ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया।

थाना प्रभारी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन पर पानी डालकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। धरने के बाद राजस्व अधिकारियों ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। कानूनगो ब्रजकिशोर कटियार और लेखपाल नवरत्न गंगवार ने करीब तीन घंटे तक पैमाइश कर कांता प्रसाद गंगवार के खेत की निशानदेही कर दी।

तहसीलदार बोले— पेड़ कटने के बाद दिलाया जाएगा कब्जा

तहसीलदार आशीष कुमार ने बताया कि राजस्व टीम ने पैमाइश पूरी कर पीड़ित की भूमि चिह्नित कर दी है। खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ हटने के बाद नियमानुसार कब्जा दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद दोनों पक्ष संतुष्ट हो गए और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार तथा कांता प्रसाद ने धरना समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *