बरेली। 108वें तीन रोज़ा उर्स-ए-रज़वी का आगाज़ 6 अगस्त को रज़वी परचम की परचम कुशाई के साथ होगा। दरगाह आला हज़रत की ओर से रविवार को उर्स का आधिकारिक पोस्टर जारी कर कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी इस्लामिया मैदान में आयोजित होने वाले उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि 6 अगस्त को शाम 5 बजे इस्लामिया मैदान स्थित रज़ा गेट पर दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) सज्जादानशीन बदरूशरिया मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) तथा देश-विदेश से आए उलेमा की मौजूदगी में रज़वी परचम फहराकर उर्स का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही तीन दिवसीय उर्स का औपचारिक ऐलान भी किया जाएगा।
उर्स का पोस्टर जारी, दुनिया भर में भेजा जाएगा संदेश
दरगाह मुख्यालय पर सुब्हानी मियां और मुफ्ती अहसन मियां ने उलेमा की मौजूदगी में उर्स का आधिकारिक पोस्टर जारी किया। पोस्टर उर्दू और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में प्रकाशित किया गया है। इसे डाक के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिए देश-विदेश में मौजूद अकीदतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। पोस्टर में सुब्हानी मियां का विशेष पैगाम भी प्रकाशित किया गया है।
पहले दिन अंतरराष्ट्रीय नातिया मुशायरा, 8 अगस्त को कुल शरीफ
उर्स के पहले दिन इस्लामिया मैदान में अंतरराष्ट्रीय नातिया मुशायरे का आयोजन होगा, जिसमें देश और विदेश के मशहूर शायर अपने कलाम पेश करेंगे। उर्स का समापन 8 अगस्त को दोपहर 2:38 बजे आला हज़रत के कुल शरीफ के साथ होगा। इस दौरान हुज्जातुल इस्लाम, मुफ्ती-ए-आज़म हिन्द और रेहान-ए-मिल्लत के कुल शरीफ की रस्में भी अदा की जाएंगी।
जायरीन की सेवा में जुटेंगे टीटीएस वालंटियर्स
सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने बताया कि उर्स के दौरान टीटीएस के वालंटियर्स पूरे शहर में जायरीन की खिदमत और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने सभी वालंटियर्स से समय पर जुटकर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उर्स के सभी कार्यक्रम दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां की सरपरस्ती, मुफ्ती अहसन मियां की सदारत और सैय्यद आसिफ मियां की देखरेख में संपन्न होंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उलेमा, जिम्मेदार पदाधिकारी और अकीदतमंद मौजूद रहे।