बरेली सोमवार सुबह संजय नगर चौराहे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 60 से अधिक सीएनजी सिलिंडरों से लदा ट्रक बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और सिलिंडरों से गैस रिसने लगी। देखते ही देखते पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पेट्रोल पंप महज 200 मीटर की दूरी पर होने के कारण किसी भी बड़ी अनहोनी की आशंका से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली तुरंत काट दी गई और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

शीशा तोड़कर चालक को निकाला, पुलिस-फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद चालक ट्रक के केबिन में फंस गया। मौके पर मौजूद ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर शीशा तोड़ा और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गैस रिसाव के चलते पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। दो दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया और संजय नगर चौराहे का यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया।

वाल्व दबने से बढ़ी मुश्किल, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

ट्रक पलटने से कई सिलिंडरों के वाल्व दब गए, जिससे गैस रिसाव रोकना चुनौती बन गया। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार की निगरानी में घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चला। क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा कराया गया, जिसके बाद रिसाव पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हैरानी की बात यह रही कि सूचना दिए जाने के बावजूद गैस कंपनी की टीम मौके पर नहीं पहुंची और पूरा अभियान पुलिस व फायर ब्रिगेड ने ही संभाला।

बारिश से टूटी सड़क बनी वजह, टल गया बड़ा हादसा

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क सामने आई है। ट्रक हल्द्वानी से खाली सीएनजी सिलिंडर लेकर लौट रहा था। सिलिंडर खाली होने के बावजूद उनमें मौजूद दबाव के कारण गैस का रिसाव शुरू हो गया। पेट्रोल पंप के बेहद करीब हुए इस हादसे ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके की सांसें थाम दीं, लेकिन समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed