बरेली। शहर और बहेड़ी क्षेत्र के होटलों व रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए मंगलवार को अग्निशमन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जहां कुछ होटलों में अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप मिलीं, वहीं पांच होटलों में फायर सेफ्टी के मानकों का पालन न होने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा के निर्देश पर अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने नगर क्षेत्र में संचालित होटल आर्या एंड सन्स, होटल श्री जी-2, होटल मूडी मून तथा होटल मंगलम एंड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरण कार्यशील अवस्था में पाए गए। वहीं बहेड़ी क्षेत्र में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी योगेश कुमार ने होटल आंचल, सिंह रेस्टोरेंट, शतरंज रेस्टोरेंट और बैलकम गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।

स्टाफ को कराया मॉक ड्रिल, सिखाए आग बुझाने के तरीके

निरीक्षण के दौरान होटलों में मौजूद मैनेजरों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने मॉक ड्रिल कराकर कर्मचारियों को प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीके समझाए। साथ ही आपदा प्रबंधन और अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया भी बताई गई।

0

पांच होटलों में मिलीं खामियां, जल्द थमाए जाएंगे नोटिस

जांच के दौरान होटल राजानी, होटल सैटेलाइट एंड रेस्टोरेंट, होटल एमवी क्राउन, होटल द आर्च इन और होटल लोटस पैराडाइज में मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्थाएं स्थापित नहीं पाई गईं। विभाग ने इन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कमियां दूर न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निकास मार्ग अवरोध मुक्त रखने के निर्देश

अग्निशमन विभाग ने सभी होटल संचालकों को निर्देशित किया कि भवनों में बनाए गए निकास द्वार हर समय अवरोध मुक्त रहें। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों की नियमित टेस्टिंग कर उन्हें हर समय कार्यशील अवस्था में रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके। अधिकारियों ने कहा कि फायर सेफ्टी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *