बरेली। नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे चरण में सोमवार को किला क्षेत्र स्थित प्राचीन बाबा अलखनाथ मंदिर में विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शिविर कार्यालय से हुई, जहां से श्रद्धालु गंगाजल लेकर सेठ निरंकारी लाल मंदिर, श्यामगंज पहुंचे। यहां समिति के महामंत्री आशुतोष अग्रवाल के निर्देशन में गणेश वंदना एवं नाथ नगरी चालीसा का पाठ कराया गया। इसके बाद मंगल वाद्यों और “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ भव्य जलाभिषेक शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, खंडसारी नाथ मंदिर, आलमगीरीगंज, कुतुबखाना, बड़ा बाजार और किला होते हुए बाबा अलखनाथ मंदिर पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
बाबा अलखनाथ मंदिर में पुरोहित आशुतोष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को पुष्पमाला, बेलपत्र, चंदन, केसर, वस्त्र और रजत मुखारविंद अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया। इसके बाद आरती एवं प्रसाद वितरण हुआ।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस अवसर पर ब्रजवासी लाल अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, मनोज देओल, पंकज देओल, रितेश अग्रवाल, प्रेमशंकर, अजय अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, शोमित अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल, धर्मवीर सक्सेना, योगेश, रोहित अग्रवाल, कपिल गुप्ता, जितेंद्र, देवेंद्र प्रकाश, अरविंद, आशुतोष शर्मा, कुमार गुप्ता, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।