bareilly accidentमृतक मां-बेटी के फाइल फोटो

बरेली। सावन में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे बरेली के एक परिवार की खुशियां सोमवार तड़के सड़क हादसे में उजड़ गईं। रामपुर के मिलक क्षेत्र में स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मां की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित पटेल नगर निवासी कपिल खंडेलवाल पासपोर्ट कार्यालय में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। वह रविवार को अपनी 50 वर्षीय पत्नी तृप्ति गुप्ता, 19 वर्षीय बड़ी बेटी श्री, 17 वर्षीय छोटी बेटी दिव्या और 12 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ हरिद्वार गंगाजल लेने गए थे। रविवार देर रात पूरा परिवार दो दोपहिया वाहनों से बरेली लौट रहा था। तृप्ति और उनकी बड़ी बेटी श्री स्कूटी पर थीं, जबकि कपिल दूसरी बाइक पर बेटी दिव्या और बेटे कार्तिक के साथ चल रहे थे। सोमवार सुबह करीब चार बजे रामपुर के मिलक क्षेत्र स्थित लोहा गांव के पास हाईवे पर चलते समय नींद की झपकी आने से स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मां की मौके पर मौत, बेटी ने रास्ते में तोड़ा दम

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तृप्ति गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्री को जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन परिजन जब उसे बरेली लेकर आ रहे थे, तभी रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने तृप्ति गुप्ता के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजन श्री का शव बिना पोस्टमार्टम कराए अपने साथ बरेली ले आए। एक ही परिवार में मां-बेटी की मौत से रिश्तेदारों और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

हर महीने परिवार के साथ जाते थे तीर्थ यात्रा

कपिल खंडेलवाल धार्मिक प्रवृत्ति के हैं और लगभग हर महीने परिवार के साथ किसी न किसी तीर्थस्थल की यात्रा पर जाते थे। पिछले महीने भी पूरा परिवार दोपहिया वाहनों से मथुरा दर्शन के लिए गया था। उनकी बड़ी बेटी श्री ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जबकि छोटी बेटी दिव्या ने 10वीं की परीक्षा पास की है। मिलक कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दूसरी मृतका का शव परिजन अपने साथ ले गए हैं। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन चलाते समय नींद की झपकी माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *