बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नाथ कॉरिडोर परियोजना का काम समय पर पूरा कराने के लिए नगर निगम ने मंगलवार सुबह सुभाषनगर के मुख्य बाजार में बुलडोजर कार्रवाई की। सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम की टीम प्रवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान जारी रहा।
नोटिस के बाद चला बुलडोजर
नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत इस मार्ग का चौड़ीकरण और सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य की रफ्तार प्रभावित हो रही थी। नगर निगम ने पहले कई बार नोटिस जारी कर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके बाद निगम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण हटा दिए।
निर्माण कार्य में अब आएगी तेजी
अतिक्रमण हटने के बाद सड़क निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। निगम अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में सबसे बड़ी बाधा अवैध कब्जे थे, जिन्हें हटाने के बाद अब मशीनों और श्रमिकों को काम करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। इससे परियोजना को तय समय में पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।
सावन से पहले सड़क तैयार करने का लक्ष्य
नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव राठी ने बताया कि सावन माह में इस मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़ियों और आम लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क निर्माण को समय पर पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य तेज गति से कराया जाएगा, ताकि सावन शुरू होने से पहले सड़क पूरी तरह तैयार होकर लोगों के लिए खोल दी जाए।