नई दिल्ली। संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का धरना जारी है। इसी बीच पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों से प्रदर्शन स्थल पर जरूरी सामान पहुंचाने की अपील की है। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं और धरना स्थल को भी नुकसान पहुंचा है।

घायलों के लिए मेडिकल किट पहुंचाने की अपील

आशुतोष रांका ने अपील में कहा कि जंतर-मंतर पर तत्काल मेडिकल किट की जरूरत है। उन्होंने लोगों से बैंडेज, डेटॉल, पैरासिटामोल, दर्द निवारक दवाएं और अन्य प्राथमिक उपचार का सामान पहुंचाने की मांग की। CJP का दावा है कि पुलिस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के आरोपों से इनकार कर चुकी है।

माइक और टॉर्च की भी बताई जरूरत

रांका ने कहा कि धरना स्थल पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, इसलिए पोर्टेबल टॉर्च की आवश्यकता है। इसके अलावा प्रदर्शन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए दो से तीन पोर्टेबल माइक उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है।

धरना स्थल की सफाई के लिए मांगी झाड़ू

CJP के अनुसार पुलिस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर का प्रदर्शन स्थल बिखर गया है। इसी वजह से झाड़ू की भी मांग की गई है ताकि स्थल की सफाई कर धरना सुचारु रूप से जारी रखा जा सके।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

पार्टी ने कहा है कि उनकी मांगें पूरी होने तक जंतर-मंतर पर धरना जारी रहेगा। वहीं, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई कार्रवाई को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *