बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार तड़के अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी पर पहले से गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार सुबह थाना क्योलड़िया पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोपालपुर से भौआ बाजार की ओर जाते समय सतवन पट्टी मार्ग पर एक युवक दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी नजर आते ही वह अचानक मुड़कर तेजी से भागने लगा। उसके हावभाव पर शक होने पर पुलिस ने पीछा किया और सतवन पट्टी मोड़ के पास उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला अवैध तमंचा
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रहीश शेख उर्फ रहीसुद्दीन (35) निवासी भौआ बाजार बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि वह अवैध हथियार लेकर किस मकसद से घूम रहा था और हथियार कहां से लाया था।