bareillyशव को कब्र से निकालती पुलिस।

बरेली। कब्र में दफन 50 वर्षीय महिला की मौत का रहस्य अब पोस्टमार्टम से खुलेगा। मायके पक्ष के जहर देकर हत्या के आरोप के बाद प्रशासन हरकत में आया और सात दिन बाद शनिवार को कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकलवाया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की 50 वर्षीय पत्नी तबस्सुम की 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन स्थानीय कब्रिस्तान में शव को दफना दिया। मृतका का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उन्हें तबस्सुम की मौत की जानकारी तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि जल्दबाजी में शव को दफनाकर पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

भाई ने डीएम से की थी शिकायत

16 जुलाई को मृतका के भाई जहीम इलियास ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनकी बहन को जहर देकर मार दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बिना मायके पक्ष को सूचना दिए दफना दिया गया। शिकायत के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एसएसपी अनुराग आर्य को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

0

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुई खुदाई

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर शनिवार को बहेड़ी पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई। भारी पुलिस बल की निगरानी में शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *