बरेली। समाजवादी पार्टी के आंवला से सांसद नीरज मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा के मानसून सत्र में क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। रोजगार, शिक्षा, किसानों की समस्याओं, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और महंगाई जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि देश का युवा आज रोजगार के गंभीर संकट से जूझ रहा है, लेकिन सरकार रोजगार सृजन के बजाय केवल दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने और प्रभावी रोजगार नीति लागू करने की आवश्यकता है। लोकसभा में युवाओं से जुड़े रोजगार और भर्ती के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल, सरकारी स्कूलों की स्थिति बताई चिंताजनक
सांसद ने सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी, आधारभूत सुविधाओं का अभाव और लगातार घटता नामांकन गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार को केवल घोषणाएं नहीं बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे। इस मुद्दे पर भी संसद में सरकार से जवाब मांगा जाएगा। नीरज मौर्य ने स्मार्ट सिटी मिशन को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद आम जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा और वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराए जाने की मांग भी लोकसभा में उठाई जाएगी।
किसानों की बदहाली पर जताई चिंता
सांसद नीरज ने कहा कि किसान आज भी खाद की कमी, बिजली संकट और बढ़ती लागत से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय बढ़ाने के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। सरकार को खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रभावी नीतियां लागू करनी चाहिए और किसानों को समय पर खाद, बिजली तथा अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए। आंवला क्षेत्र में मक्का उत्पादन का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि मक्का उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और प्रभावी सरकारी समर्थन नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मक्का किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
जनता की आवाज संसद तक पहुंचाने का दावा
सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि वह लोकसभा के मानसून सत्र में क्षेत्र की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, मयंक शुक्ला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।