up newsमौके पर सफाई कराते नगर आयुक्त।

बरेली। शुक्रवार सुबह नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के औचक निरीक्षण से नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बिना सूचना शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे नगर आयुक्त ने नाथ मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उनके मौके पर पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी तत्काल सक्रिय हो गए।

नगर आयुक्त ने नाथ मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

सनसिटी में जलभराव देख जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सनसिटी क्षेत्र पहुंचे, जहां सड़क किनारे जलभराव और गंदगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उनके निर्देश पर नगर निगम की टीम ने तत्काल मौके पर सफाई अभियान चलाकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

नियमित मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जहां भी गंदगी, जलभराव या स्वच्छता से जुड़ी समस्या मिले, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी क्षेत्र में लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *