bareilly

बरेली। आंवला क्षेत्र में धान की रोपाई के पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर 46 वर्षीय किसान पूरनलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की है। मृतक के भाई कुंवर पाल के अनुसार करुआताल गांव के कुछ लोगों से धान की रोपाई के मेहनताना को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपी घर में घुस आए और पूरनलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें

परिजन घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आंवला लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरनलाल अपने पीछे पत्नी भूरी देवी और नौ बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब पालन-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में भी लोगों में आक्रोश और गम का माहौल बना हुआ है।

पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ आंवला हेमंत कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *