बरेली। मस्जिद के इमाम के कमरे में चोरी करने वाला शातिर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हाफिजगंज पुलिस ने आरोपी को चोरी की 22 हजार रुपये की नकदी, अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने मस्जिद में चोरी की वारदात कबूल कर ली, जबकि उसके खिलाफ पहले से भी चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को हाफिजगंज और भमोरा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। हाफिजगंज पुलिस ने मस्जिद में हुई चोरी का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को चोरी की रकम और अवैध तमंचे के साथ दबोच लिया, जबकि भमोरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
हाफिजगंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धर्मपुर अंडरपास के निर्माणाधीन बाईपास के पास एक संदिग्ध युवक मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर दोहरिया जागीर निवासी मोबीन को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 22 हजार रुपये बरामद हुए।
मस्जिद के इमाम के कमरे से की थी चोरी
पूछताछ में मोबीन ने स्वीकार किया कि बरामद 22 हजार रुपये उसने एक अगस्त को प्रेमनगर क्षेत्र के मोहल्ला सुर्खा स्थित मस्जिद के इमाम के कमरे से चोरी किए थे। इस मामले में प्रेमनगर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर हाफिजगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, मोबीन शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हाफिजगंज, किला, कैंट और कोतवाली थानों में चोरी और अवैध हथियार रखने समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
भमोरा में चेकिंग के दौरान तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
उधर, भमोरा थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाबू नगला मार्ग से देवचरा निवासी जीशान को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि तमंचा उसने अपनी सुरक्षा के लिए रखा था और बरेली के एक व्यक्ति से खरीदा था, लेकिन वह उसका नाम-पता नहीं बता सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, जीशान के खिलाफ भी पहले से आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है।













Leave a Reply