बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे के बड़ा बाइपास (जीरो प्वाइंट) पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से आ रहे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दो लोग केबिन में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि एक घायल का पैर कट गया है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

एक ट्रक में सेब, दूसरे में भरे थे कच्चे केले
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में एक में सेब लदे थे, जबकि दूसरे ट्रक में कच्चे केले भरे हुए थे। हादसे के बाद सड़क पर फल बिखर गए और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया।

मध्य प्रदेश और हरियाणा के थे ट्रक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए ट्रकों में एक मध्य प्रदेश और दूसरा हरियाणा नंबर का था। एक ट्रक दिल्ली की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा मुरादाबाद की दिशा में आ रहा था। पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई होगी। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) हाईवे देवेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। वाहन मालिकों और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।













Leave a Reply