कासगंज-बरेली पैसेंजर के इंजन से उठा धुआं, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

पैसेंजर, passenger

बदायूंजिले के बिनावर क्षेत्र में सोमवार सुबह कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक धुंआ उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना मालगांव हाल्ट स्टेशन के पास हुई। इंजन से धुआं उठता देख लोको पायलट ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समय रहते ट्रेन रुकने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पैसेंजर ट्रेन मालगांव हाल्ट के पास पहुंची ही थी कि इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को गंभीर होते देख लोको पायलट ने बिना देर किए ट्रेन रोक दी। कुछ ही क्षणों में इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। आग देखते ही बोगियों में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग तेजी से ट्रेन से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

रेलवे अधिकारियों को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने तत्काल रेलवे कंट्रोल और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक प्रयासों से आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की गई।

पैसेंजर, passenger
पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अंदर धुआं निकलने के बाद चलती ट्रेन से कूदे यात्री।

आग लगने के कारणों की होगी जांच

रेलवे अधिकारियों ने इंजन में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। जांच टीम सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

कुछ समय तक प्रभावित रहा रेल संचालन

घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित रहा। आसपास के स्टेशनों पर कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों को रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को जल्द सामान्य कर रेल यातायात पूरी तरह बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों का बयान

पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर के सूचना एंव जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से इंजन में धुंआ उठा था, लोको पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *