बरेली। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था के दावों की पोल नगर आयुक्त के एक औचक निरीक्षण ने खोल दी। नई सड़क में गुणवत्ता पर सवाल, जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदी नालियां देखकर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। खराब सड़क की जांच के आदेश दिए गए, जबकि सफाई में लापरवाही पर जिम्मेदार निरीक्षक को नोटिस जारी कर तीन दिन में व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दे दी गई।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड-78 सूफी टोला से हुई, जहां सीसीसी सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। इसके बाद नगर आयुक्त वार्ड-22 कैंफर कॉलोनी पहुंचे। यहां हाल ही में बनी हॉटमिक्स सड़क दो स्थानों पर खराब मिली। सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद उन्होंने संबंधित अवर अभियंता को तत्काल कोर कटिंग कराकर गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। साफ कहा कि यदि निर्माण में मानकों से समझौता मिला तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।

सड़क-नाली के अधूरे काम पर मांगी पूरी कार्ययोजना
वार्ड-10 आशुतोष सिटी में मुख्य मार्ग से होली फेथ इंटर कॉलेज तक बन रही सीसीसी सड़क, गलियों और नालियों का निरीक्षण किया गया। इसके बाद वार्ड-52 बानखाना में प्रस्तावित सीसीसी सड़क कार्यों का भी जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को वार्ड-52 और वार्ड-78 में नई नालियों और मुख्य मार्गों से जुड़ी गलियों के प्रस्ताव जल्द तैयार कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
कूड़े के ढेर और गंदी नालियां देख फूटा गुस्सा
निरीक्षण के दौरान वार्ड-52 बानखाना और सूफी टोला में सड़क किनारे कूड़े के ढेर मिले। कई स्थानों पर नालों और नालियों की सफाई भी बेहद खराब मिली। यह देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और मौके पर ही सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाई।

सफाई निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस
सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर सफाई निरीक्षक संजीव कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उन्हें तीन दिन के भीतर पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों-नालियों की सफाई सुनिश्चित कराने और सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ चालान व नोटिस की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर कराया जाएगा और यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं मिले तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply