बदायूं। कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील समय में ड्यूटी पर लापरवाही कछला गंगाघाट चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह को भारी पड़ गई। पहले बरेली-मथुरा हाईवे पर घंटों लगे जाम के दौरान ट्रैफिक संभालने में उनकी लापरवाही सामने आई और अगले ही दिन वह खोया-पाया केंद्र में ड्यूटी के दौरान सोते मिले। निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम ने उन्हें जगाकर सवाल किया तो आरोप है कि दरोगा ने उल्टा पूछ लिया—‘आप कौन होते हैं मुझे टोकने वाले?’ जांच में आरोप सही मिलने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने चौकी इंचार्ज को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
तीन घंटे जाम में फंसा हाईवे, DM-SSP की गाड़ियां भी अटकीं
कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार से सोमवार तक कछला गंगाघाट और आसपास के मार्गों पर कांवड़ियों की भारी आवाजाही रहती है। इसे देखते हुए पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद रविवार रात बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला से उझानी की ओर करीब तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। हालात ऐसे हो गए कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने कछला गंगाघाट जा रहे डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा के वाहन भी जाम में फंस गए।
SP सिटी पहुंचे, रूट डायवर्ट कर खुलवाया जाम
हाईवे पर हालात बिगड़ते देख एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह को मौके पर पहुंचना पड़ा। कछला घाट की तरफ से आने वाले वाहनों को बिल्सी की ओर डायवर्ट किया गया। इसके बाद भी यातायात सामान्य होने में करीब दो घंटे लग गए। प्रारंभिक तौर पर माना गया कि चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह ने समय रहते ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। एसएसपी ने इस मामले में रिपोर्ट तलब कर ली थी।
अगले दिन ड्यूटी पर सोते मिले चौकी इंचार्ज
हाईवे जाम की लापरवाही का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि सोमवार को एक और मामला सामने आ गया। एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रीसांईं आश्रित साखमुरी कछला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे। खोया-पाया केंद्र में चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह ड्यूटी के दौरान सोते मिले।
SDM ने जगाया तो जवाब मिला- ‘मेरे अधिकारी पूछेंगे तो बता दूंगा’
आरोप है कि एसडीएम ने रिंकू सिंह को जगाकर पूछा कि ड्यूटी के दौरान वह सो क्यों रहे हैं। इस पर गलती स्वीकार करने के बजाय चौकी इंचार्ज ने कथित तौर पर पलटकर कहा—‘आप कौन होते हैं मुझसे पूछने वाले? मेरे अधिकारी पूछेंगे तो मैं बता दूंगा।’ एसडीएम ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
जांच में जाम से लेकर ड्यूटी पर सोने तक की लापरवाही मिली
एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह से पूरे मामले की जांच कराई। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में यातायात व्यवस्था संभालने में लापरवाही, कांवड़ यात्रा से जुड़े निर्देशों के पालन में शिथिलता और ड्यूटी के दौरान सोने का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने रिंकू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
रिंकू की जगह अविनाश पुंडीर को कछला चौकी की कमान
रिंकू सिंह के निलंबन के बाद वीआईपी सेल में तैनात दरोगा अविनाश पुंडीर को कछला चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। एसएसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक, कांवड़ ड्यूटी में लापरवाही और ड्यूटी के दौरान सोने की शिकायत की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कछला चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जा रही है।