बरेली। कांवड़ यात्रा और सावन के दूसरे सोमवार को लेकर बरेली में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर से लेकर आउटर क्षेत्रों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी ने देर रात विशेष पेट्रोलिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रात्रि 12 से 2 बजे तक कांवड़ मार्ग पर चला सघन निरीक्षण
एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी सिटी मानुष पारिख, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक अकमल खान समेत अधिकारियों के साथ बरेली-बदायूं कांवड़ मार्ग पर पेट्रोलिंग एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान रामगंगा तिराहा, देवचरा चौराहा, भमोरा से पुट्ठी बॉर्डर तक पूरे रूट की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया गया।
दूसरे सोमवार को लेकर शहर में अभिषेक की तैयारियां तेज
सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए बरेली में शिवालयों पर जलाभिषेक की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों—अलखनाथ मंदिर, त्रिवटी नाथ मंदिर, धोपेश्वर नाथ मंदिर, तपेश्वर नाथ मंदिर, मढ़ी नाथ मंदिर और वनखंडी नाथ मंदिर—के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई और कांवड़िए कतारों में लगकर जलाभिषेक कर रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, ड्रोन और CCTV से निगरानी
पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी प्रमुख स्थानों पर की गई है। वहीं, सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी भीड़ पर नजर बनाए हुए हैं।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए बैरिकेडिंग
कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शहर के आउटर क्षेत्रों से अंदर आने वाले मार्गों, चौराहों और गलियों को बैरिकेड कर दिया गया है। इससे कांवड़ यात्रियों के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया जा रहा है।
शहर में बंदी का असर, सड़कों पर सन्नाटा
सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए शहर के अधिकांश स्कूल, दुकानें और शोरूम बंद रहे। सुबह से ही सड़कों पर आवाजाही भी काफी कम रही, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन की सतर्कता से शांतिपूर्ण यात्रा पर जोर
प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते कांवड़ यात्रा एवं सावन सोमवार का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।