बरेली। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मीरगंज क्षेत्र के कुल्छा खुर्द के पास शुक्रवार सुबह भीषण हादसा हो गया। हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक चालक की पहचान बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव उदरपुर निवासी फैसल के रूप में हुई। वह दिल्ली से कंटेनर में किराना का सामान लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। कुल्छा खुर्द के पास हाईवे पर पहले से एक ट्रक खराब खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक का इंजन खराब होने के कारण उसे सड़क पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से आया कंटेनर उसमें जा घुसा।
केबिन में बुरी तरह फंसा चालक
हादसे की सूचना पर मीरगंज पुलिस और पीआरवी मौके पर पहुंची। कंटेनर का केबिन बुरी तरह पिचक जाने से चालक उसमें फंस गया था। पुलिस और अन्य लोगों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की। केबिन को काटकर फैसल को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
खराब ट्रक के पास बैरिकेडिंग न होने पर सवाल
हाईवे पर खराब ट्रक काफी देर से खड़ा होने के बावजूद उसके आसपास बैरिकेडिंग और पर्याप्त चेतावनी संकेत नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बाद हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि कुल्छा खुर्द के पास खराब खड़े ट्रक से कंटेनर की टक्कर हुई है। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।