up newsललित कुमार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग के सेवानिवृत्त असिस्टेंट रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (ARTO) ललित कुमार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। लखनऊ स्थित उनके आवास पर छापेमारी के दौरान 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी और 15 अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में संपत्तियों का मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका गया था, लेकिन मौजूदा बाजार कीमत के आधार पर उनकी कुल संपत्ति लगभग 65 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

1.62 करोड़ नकद और करोड़ों का सोना-चांदी बरामद

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ के अलीगंज स्थित मकान में छिपाकर रखे गए 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 13 किलोग्राम सोना और 9 किलोग्राम चांदी भी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के बाद अधिकारियों ने सभी की विस्तृत सूची तैयार कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ, नोएडा समेत कई शहरों में 15 संपत्तियां

छापेमारी के दौरान लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित 15 अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इन संपत्तियों को खरीदते समय उनकी कीमत करीब 13 करोड़ रुपये थी, लेकिन वर्तमान बाजार मूल्य 30 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। चल और अचल संपत्तियों को मिलाकर कुल संपत्ति का मूल्य करीब 65 करोड़ रुपये आंका जा रहा है।

‘ससुराल से मिला गिफ्ट’ बताकर किया बचाव

पूछताछ के दौरान ललित कुमार ने बरामद सोना-चांदी और अन्य संपत्तियों के बारे में दावा किया कि उन्हें यह सब ससुराल से उपहार में मिला था। हालांकि जब विजिलेंस अधिकारियों ने बैंक खातों से संपत्ति खरीद से जुड़े लेन-देन का रिकॉर्ड सामने रखा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

कोर्ट में पेश हुई कार्रवाई की रिपोर्ट, जल्द होगी पूछताछ

विजिलेंस ने छापेमारी की पूरी रिपोर्ट गुरुवार को अदालत में प्रस्तुत कर दी है। अब ललित कुमार को विस्तृत पूछताछ के लिए जल्द तलब किया जाएगा। जांच एजेंसी उनके साथ-साथ परिजनों के नाम पर मौजूद अन्य संपत्तियों और निवेश की भी पड़ताल कर रही है। यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति के आरोप पुष्ट होते हैं तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *