bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। रुपये, नौकरी और बेहतर जीवन का लालच देकर हिंदू लोगों का धर्म परिवर्तन कराने वाले एक ईसाई प्रचारक को मीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से बाइबल समेत कई धार्मिक पुस्तकें और प्रचार सामग्री बरामद हुई हैं।

थाना क्षेत्र के सैंजना गांव निवासी अंकित पुत्र खूबकरन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। 9 जुलाई को गांव के गजेंद्र पुत्र छेदालाल के घर पर सभा आयोजित कर आरोपी लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। तहरीर में आरोप है कि लोगों को नौकरी, आर्थिक सहायता और अन्य तरह के प्रलोभन दिए गए तथा हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। पुलिस ने शुक्रवार को शीशगढ़ के भुडासी गांव निवासी आरोपी प्रेमपाल पुत्र पातीराम को नगरिया सादात फाटक के सामने अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमा दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया। उसने स्वीकार किया कि गुरुवार को सैंजना गांव में गजेंद्र के घर पर सभा आयोजित की गई थी, जिसमें कई लोग मौजूद थे। आरोपी ने बताया कि उसके प्रयास के बावजूद किसी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उसे जानकारी मिली कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है, जिसके बाद वह छिपने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी से ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पवित्र बाइबल, एक भजनसंहिता एवं नीतिवचन पुस्तक, दो नया नियम पुस्तकें, मुक्तिदाता कौन नामक पुस्तक, बेदारी के गीत पुस्तक, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी प्रेमपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से धार्मिक साहित्य और अन्य सामग्री बरामद हुई है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed