लखनऊ। उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश में जल्द ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 28 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने सभी जिलों से खाली पदों का विवरण जुटाने और भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह में सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुईं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के खाली पदों को भरने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा जिलेवार रिक्तियों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है, जिसके बाद भर्ती का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया जाएगा।

28 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती

प्रस्तावित भर्ती के तहत प्रदेश में कुल 28,608 पद भरे जा सकते हैं। इनमें 7,068 पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 21,540 पद आंगनवाड़ी सहायिका के शामिल हैं। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहीं महिलाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।

12वीं पास महिलाएं कर सकेंगी आवेदन

भर्ती के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित किए जाने की संभावना है। साथ ही जिस क्षेत्र से आवेदन किया जाएगा, वहां की स्थानीय निवासी होना भी जरूरी होगा।

ये दस्तावेज होंगे जरूरी

आवेदन के समय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मार्कशीट, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।

बिना परीक्षा होगा चयन

आंगनवाड़ी भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाती। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती है। मेरिट में स्थान पाने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *