बरेली। मीरगंज में नेशनल हाईवे पर सिंधौली चौराहे के पास गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार कंपाइन मशीन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी मीरगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कंपाइन मशीन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
मीरगंज से घर लौटते समय हुआ हादसा
मीरगंज के जौनेर गांव निवासी दानिश (22) पुत्र अच्छन और आरिफ पुत्र मुन्ने बेग गुरुवार शाम करीब सात बजे बाइक से मीरगंज से अपने घर लौट रहे थे। दोनों सिंधौली चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कंपाइन मशीन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मीरगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों के शव देखकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक साथ दो युवकों की मौत से जौनेर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
चालक और कंपाइन मशीन पुलिस की हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंपाइन मशीन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगी रिपोर्ट
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सिंधौली चौराहे के पास हुए हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। हादसे में शामिल कंपाइन मशीन और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।