bareillyसुभाषनगर पुलिया पर लगे बैरिकेड

बरेली। सुभाषनगर पुलिया को नाला सफाई के लिए 15 दिनों तक बंद कर दिया है। पहले ही दिन लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। सुभाषनगर, चौपुला, बदायूं रोड और आसपास की गलियों में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को रोजाना अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना पड़ रहा है।

सुभाषनगर पुलिया बंद होने के बाद लोगों को चौपुला पुल, बदायूं रोड होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे केवल दूरी ही नहीं बढ़ी, बल्कि ट्रैफिक दबाव के कारण सफर का समय भी 20 से 30 मिनट तक बढ़ गया है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खपत के साथ उनकी दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।

तंग गलियों में फंसे वाहन, एंबुलेंस तक को हुई परेशानी

सुभाषनगर की संकरी गलियों में दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की कतार लगी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दो वाहन आमने-सामने आने पर लंबा जाम लग गया। ऐसे में आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में दिक्कत हुई। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से गलियों में अतिरिक्त व्यवस्था करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया बंद करने से पहले वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था और डायवर्जन प्लान को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए था। कई स्थानों पर दिशा-निर्देश वाले बोर्ड तक नहीं लगे हैं, जिससे बाहरी वाहन चालक गलियों में घुसकर जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं।

नगर निगम का दावा- परेशानी अभी, राहत लंबे समय तक

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि यह असुविधा अस्थायी है। नाले की वर्षों से लंबित सफाई कराई जा रही है ताकि बरसात में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। काम तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पुलिया जल्द से जल्द लोगों के लिए खोली जा सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि पुलिया बंद कर दी गई है तो सफाई कार्य भी युद्धस्तर पर कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि काम में देरी हुई तो आने वाले दिनों में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से 24 घंटे शिफ्ट में काम कराकर समय से पहले पुलिया चालू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *