uo news

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के राधेश्याम फेस-1 में पुलिस ने एक बार फिर नकली किताबों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शिकायत के आधार पर की गई छापेमारी में दो प्रमुख प्रकाशनों की बड़ी संख्या में पायरेटेड किताबें बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ललित सरदाना ने सूचना दी थी कि राधेश्याम फेस-1 क्षेत्र में भारती भवन और धनपत राय पब्लिकेशन की नकली किताबें तैयार कर ऑनलाइन बेची जा रही हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।

आरोपी के ठिकाने से मिली बड़ी खेप

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहित पुत्र सूरज सिंह के ठिकाने से कक्षा 9 और 10 की गणित, अर्थशास्त्र समेत विभिन्न विषयों की बड़ी संख्या में पायरेटेड किताबें बरामद कीं। सभी किताबों को जब्त कर सील कर दिया गया है।

पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई

जांच में सामने आया कि आरोपी के यहां पहले भी इसी तरह की शिकायत पर पुलिस छापा मार चुकी है। उस समय भी भारी मात्रा में नकली किताबें बरामद हुई थीं। इसके बावजूद दोबारा अवैध कारोबार संचालित किए जाने से पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।

ऑनलाइन बिक्री और सप्लाई चेन की जांच

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली किताबों की छपाई कहां हो रही थी, इन्हें किन-किन जिलों में सप्लाई किया जा रहा था और ऑनलाइन बिक्री किन माध्यमों से की जा रही थी। इसके लिए ऑनलाइन रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed