आगरा। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने आगरा के अपने पहले दौरे में ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह में उन्होंने खुद को संगठन का ‘हथियार’ बताते हुए कहा कि उन्हें छोटा हथियार नहीं, बल्कि कमर में बांधने वाला छह राउंड का रिवॉल्वर समझा जाए। उन्होंने कहा कि जब इसकी रील घूमती है तो पता ही नहीं चलता कि आदमी की जान कब निकल गई।

स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूरन लाल लोधी ने कहा कि कुछ लोगों को लग सकता है कि भाजपा ने कैसा अध्यक्ष बना दिया है, लेकिन वह सामान्य अध्यक्ष नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह संगठन के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर खड़े रहेंगे। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

लोदी ने खुद को बताया भगवान श्री राम और पूर्व मुख्यमंत्री का वंशज

भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरन लाल लोधी अपने समकालीन नेताओं में प्रखर और ओजस्वी वक्ता है। संगठन पर उनकी मजबूत पकड़ रहती है। एक आम कार्यकर्ता से लेकर पदाधिकारी तक का उनका सफर एक नेतृत्व शिल्पी का रहा है। लेकिन जोश और खरोश में कभी कभी जुबान फिसल जाती है। उनके एक हालिया भाषण के दौरान दी गई रिवाल्वर और रील वाली स्पीच को उनकी ही पार्टी के विरोधी जमकर हवा दे रहे हैं। भाषण के दौरान लोधी ने खुद को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और भगवान श्रीराम का वंशज बताते हुए हिंदुत्व, सनातन और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि संगठन में अब किसी कार्यकर्ता का भविष्य किसी बड़े नेता के फोन, दबाव या सिफारिश से तय नहीं होगा। मेहनत करने वाले छोटे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का पूरा अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक या बूथ अध्यक्ष को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया तो वह सबसे पहले उसके समर्थन में खड़े दिखाई देंगे। संगठन के हर कार्यकर्ता को सम्मान और सुरक्षा देना उनकी प्राथमिकता होगी।

हवन-पूजन के बाद संभाला कार्यभार, 65 सीटों का लक्ष्य

आगरा के जयपुर हाउस स्थित भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय में हवन-पूजन के बाद पूरन लाल लोधी ने पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य की मौजूदगी में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला व महानगर इकाइयों तथा पार्षदों के साथ परिचयात्मक बैठकें कीं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में ब्रज क्षेत्र की सभी 65 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा। पूरन लाल लोधी के हथियार, रिवाल्वर और रील के बयान को लेकर अब कार्यकर्ता ही दबी जुबान में कह रहे हैं, लोधी जी रिवाल्वर वाले। इस मामले में जब भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष से बात की तो उन्होंने अपने बयान से इनकार किया। कहा कि वह ऐसा बयान नहीं दे सकते हैं। बयान कहां से आया, कैसे वायरल हो रहा है, इस बारे में पता नहीं है।

बैठक में पदाधिकारी नहीं दे सके जवाब

बैठक के दौरान लोधी ने संगठन से जुड़े कई सवाल पूछे, लेकिन कई पदाधिकारी भाजपा की पंचनिष्ठा, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (DLP) और सक्रिय बूथ जैसी मूल संगठनात्मक जानकारियों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इस पर उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी को 25-25 कार्यकर्ताओं का डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम पूरा कराने का लक्ष्य सौंपा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed