दमिश्क। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दमिश्क में एक के बाद एक कई धमाके हुए। ये विस्फोट उस समय हुए जब मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मैक्रों के ठहरने वाले फोर सीजन्स होटल के आसपास कई विस्फोटक उपकरण फटे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

होटल के पास लगातार हुए धमाके, इलाके में मची अफरा-तफरी

सीरियाई मीडिया के अनुसार, राजधानी के मध्य क्षेत्र में दो जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। धमाकों के बाद घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वाहन आग की लपटों में घिरा नजर आ रहा है, जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि विस्फोट मैक्रों के ठहरने वाले होटल के आसपास हुए। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी पैलेस के अनुसार, धमाकों से पहले मैक्रों होटल से निकलकर राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके थे, इसलिए वह सुरक्षित हैं। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और सड़कों को सील कर दिया गया।

किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

अब तक किसी भी आतंकी या उग्रवादी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच में लगी हैं। विस्फोटों के कारणों और संभावित साजिश की पड़ताल की जा रही है। मैक्रों सोमवार को सीरिया पहुंचे थे। वर्ष 2024 में बशर अल-असद के शासन के पतन के बाद वह सीरिया का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ के पहले नेता हैं। उनके साथ फ्रांस का एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है, जिसमें सीएमए-सीजीएम के प्रमुख रोडोल्फ साडे और टोटलएनर्जीज के प्रमुख पैट्रिक पॉयाने शामिल हैं।

पहले भी हो चुका है बड़ा विस्फोट

कुछ दिन पहले दमिश्क के जस्टिस पैलेस के पास एक कैफे में हुए विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 अन्य घायल हुए थे। ताजा धमाकों के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मैक्रों की यात्रा के दौरान होटल के पास हुए धमाकों को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि, फ्रांसीसी राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके निर्धारित कार्यक्रम में फिलहाल किसी बदलाव की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *