हापुड़। शादी के बाद सुहागरात पर एक ऐसा मामला सामने आया जिसने दोनों परिवारों को हैरान कर दिया। नवविवाहिता ने पति से साफ कह दिया कि वह किसी और से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। इतना ही नहीं, उसने पति को गंभीर परिणाम भुगतने और हत्या तक की धमकी देने का आरोप भी युवक ने लगाया। मामला महिला थाने पहुंचा, जहां काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया और युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई।

हापुड़ निवासी युवक की शादी 25 जून को मेरठ के एक गांव की युवती से हुई थी। युवक के मुताबिक, शादी के अगले दिन जब वह कमरे में पहुंचा तो पत्नी ने कहा कि वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। परिवार के दबाव में उसकी शादी कराई गई है, जबकि वह पहले से किसी अन्य युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है।

पति का आरोप- छूने पर दी हत्या की धमकी

युवक का आरोप है कि जब उसने पत्नी को समझाने का प्रयास किया तो उसने छूने पर गंभीर परिणाम भुगतने और हत्या तक की धमकी दी। इसके बाद वह परिवार के सामने ही अपने प्रेमी से फोन पर बात करने लगी। घटना के बाद युवक ने पूरी जानकारी अपने परिजनों और ससुराल पक्ष को दी।

महिला थाने में कई घंटे चली काउंसलिंग

दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद मामला महिला थाने पहुंचा। यहां पुलिस की मौजूदगी में काउंसलिंग कराई गई। पूछताछ में युवती ने कहा कि उसकी शादी परिवार की इच्छा से हुई थी, जबकि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है।

लिखित समझौते के बाद प्रेमी के साथ गई युवती

महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि युवती की इच्छा को ध्यान में रखते हुए दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया। युवक और उसके पिता ने भी लिखित रूप से दिया कि वे युवती के परिवार के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई।

युवक ने मांगी पुलिस सुरक्षा

समझौते के बावजूद युवक ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग की है। उसका कहना है कि उसे अपनी जान का खतरा है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की सहमति से समझौता कराया गया है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा संबंधी प्रार्थना पत्र पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *