बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में 17 जुलाई को हुए इसरार खान हत्याकांड के मुख्य आरोपी भाई हिस्ट्रीशीटर गुड्डू उर्फ तौफीक को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुड्डू उर्फ तौफीक मृतक इसरार खान का सगा भाई है। 17 जुलाई को खजुआ जागीर गांव में मकान विवाद के चलते इसरार खान की हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
किच्छा नदी पुल के पास हुई मुठभेड़
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के थाना क्षेत्र के कस्बापुर गांव के पास किच्छा नदी के पुल के निकट पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सिपाही अंकुर भाटी के हाथ में लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान सिपाही अंकुर भाटी के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने घायल सिपाही और आरोपी दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हत्याकांड और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।