बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में गुरुवार देर रात मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के भीतर तीन सगे भाइयों के बीच चल रही कहासुनी के दौरान गोली चल गई, जिससे इसरार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में भोजीपुरा स्थित श्रीराममूर्ति मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार खजुआ जागीर निवासी इसरार, गुड्डू और असलम सगे भाई हैं। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चली, जो इसरार को जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि भाइयों के बीच विवाद के दौरान चली गोली से इसरार की मौत हुई है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुक्रवार सुबह सीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।