बरेली। भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया है। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने आदेश जारी करते हुए जनपद के सभी सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं अन्य बोर्डों से संबद्ध कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का संचालन समय अग्रिम आदेशों तक प्रातः 7:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक निर्धारित कर दिया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नया समय जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर आदेश की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को तेज धूप से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा विद्यालयों द्वारा निर्धारित नए समय का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *