बरेली। राम राज्य दल एवं राजार्य सभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मॉडल टाउन स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा, पत्रकारिता, साहित्य और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी पार्थ गौतम ने समाज के उत्थान में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करते हुए सेवा और सामाजिक सरोकारों को जीवन का मूल मंत्र बताया।
समारोह का शुभारंभ श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार, गणेश वंदना और मां सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। डॉ. रीता शर्मा की सरस्वती वंदना और गार्गी शर्मा के भजनों ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान किया।
राम राज्य दल के अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने संगठन की सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था गौ संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सहयोग, जनजागरूकता और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्य अतिथि पार्थ गौतम ने कहा कि उन्होंने स्वयं को समाजसेवा के लिए समर्पित किया है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जनहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा, डॉ. अजय गुप्ता, सुनील कुमार अग्रवाल एवं सरस्वती देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं अखिल भारतीय राजार्य सभा के महामंत्री डॉ. रामकुमार आर्य ने जलभराव, प्रदूषण और भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके समाधान के लिए जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता पर बल दिया।
समारोह में रोहताश आर्य, राजीव आर्य, विष्णु अग्रवाल, प्रवीण शर्मा, उमेश त्रिगुणायत सहित विभिन्न क्षेत्रों के समाजसेवियों, साहित्यकारों, पत्रकारों और प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था के कोषाध्यक्ष करुणानिधि गुप्ता ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन साहित्यकार रोहित राकेश ने किया।
इस अवसर पर प्रदेशभर से आए सामाजिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।