बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को प्रस्तावित बरेली दौरे को लेकर प्रशासन और यातायात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ ट्रैफिक प्लान भी पूरी तरह बदल दिया है। शहर में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। साथ ही पुराना रोडवेज बस अड्डा भी बंद रहेगा और सभी रोडवेज बसों का संचालन केवल सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। एसपी ट्रैफिक ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने बताया कि परसाखेड़ा रोड नंबर-1, विल्वा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन सभी प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि मुख्यमंत्री के काफिले और आम यातायात को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

दिल्ली, रामपुर और नैनीताल से आने वाले वाहनों के लिए बदला रूट

दिल्ली और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, विल्वा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा होकर भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। लखनऊ जाने वाले ट्रकों को बड़ा बाईपास, झुमका, विल्वा, फरीदपुर और फतेहगंज पूर्वी के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

लखनऊ और बदायूं से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था

लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा और बड़ा बाईपास होकर गुजरेंगे। वहीं बदायूं की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहनों को भमोरा, देवचरा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी और इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक प्रवेश दिया जाएगा। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन बड़े बाईपास का उपयोग करेंगे।

पुराना बस अड्डा रहेगा बंद, केवल सैटेलाइट से चलेंगी बसें

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 30 जून को पुराना रोडवेज बस स्टैंड से किसी भी बस का संचालन नहीं होगा। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाली तथा बदायूं और लखनऊ जाने वाली सभी रोडवेज बसें केवल सैटेलाइट बस स्टैंड तक आएंगी। यहीं से बसों का संचालन इन्वर्टिस तिराहा और बड़ा बाईपास के रास्ते अपने-अपने गंतव्य के लिए किया जाएगा।

घर से निकलने से पहले देखें रूट, पुलिस की अपील

एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने शहरवासियों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी नागरिक पुलिस का सहयोग करें। प्रशासन का मानना है कि लोगों के सहयोग से वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *