बरेली, मुख्य संवाददाता। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। किला उपकेंद्र के मलूकपुर में चार दिन से बिजली संकट बना हुआ है, जबकि पवन विहार के कृष्णानगर फेज-2 में शनिवार रात केबल जलने से पूरी रात करीब 200 घरों की बिजली गुल रही। शास्त्रीनगर में तीसरे दिन रविवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। सीबीगंज, सुभाषनगर, सिटी स्टेशन और दुर्गानगर क्षेत्र में भी पूरी रात ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग परेशान रहे। बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने किला उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चार दिन से मलूकपुर में नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था
किला उपकेंद्र के मलूकपुर क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। लगातार बिजली न मिलने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
शास्त्रीनगर में 300 घर तीन दिन तक रहे अंधेरे में
शास्त्रीनगर स्थित अनिल किराना स्टोर के पास शुक्रवार दोपहर ट्रांसफार्मर का फ्यूज खराब हो गया था। सूचना देने के बावजूद पूरे दिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे करीब 300 घरों की बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न होने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। रविवार सुबह फेज की खराबी दूर होने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन
बिजली संकट से नाराज लोगों ने शनिवार सुबह गायत्री पब्लिक स्टोर मोड़ पर धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में किला एसडीओ विशाल वर्मा टीम के साथ पहुंचे और जल्द आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। देर रात तक मरम्मत कार्य चलता रहा।
कृष्णानगर फेज-2 में पूरी रात रही बिजली गुल
पवन विहार के कृष्णानगर फेज-2 में शनिवार रात करीब 10 बजे केबल जलने से पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। करीब 200 घरों के लोग रातभर गर्मी से बेहाल रहे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अधिकारियों से संपर्क करने पर केवल केबल बदलने की बात कही जाती रही, लेकिन देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।
सीबीगंज, दुर्गानगर और सिटी स्टेशन में ट्रिपिंग से परेशानी
दुर्गानगर उपकेंद्र की सैनिक कॉलोनी में भी केबल जलने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात आपूर्ति बहाल होने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। वहीं सीबीगंज क्षेत्र में ट्रिपिंग और लो वोल्टेज के कारण करीब 10 हजार घर प्रभावित रहे। केबल बंच में आग लगने की घटना भी सामने आई, जिसे ठीक कर दिया गया, लेकिन ट्रिपिंग की समस्या खत्म नहीं हो सकी।
प्राथमिकता पर दूर कराए जा रहे फॉल्ट : अधीक्षण अभियंता
विद्युत वितरण खंड (शहरी) के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में जहां-जहां बिजली आपूर्ति प्रभावित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर फॉल्ट ठीक कराए जा रहे हैं। कृष्णानगर फेज-2 में केबल बदली जा रही है, जबकि शास्त्रीनगर में एसडीओ अपनी टीम के साथ मरम्मत कार्य में जुटे हैं। जल्द सभी क्षेत्रों में सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।