बरेली। ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार चलाए गए विशेष लाउडस्पीकर चेकिंग अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चार अप्रैल से 27 जून तक सुबह पांच से सात बजे तक चले अभियान में जिलेभर में 8,220 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 324 लाउडस्पीकर उतरवाए गए, जबकि 1,642 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानक के अनुरूप कम कराई गई।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देते हुए भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
सबसे ज्यादा जांच बारादरी में
पूरे अभियान के दौरान बारादरी थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 911 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की गई। इसके बाद इज्जतनगर में 506 और शेरगढ़ में 258 स्थानों पर चेकिंग की गई।
सबसे ज्यादा लाउडस्पीकर शेरगढ़ में उतरवाए गए
कार्रवाई के मामले में शेरगढ़ थाना सबसे आगे रहा, जहां 118 लाउडस्पीकर उतरवाए गए। इसके बाद फरीदपुर में 24, फतेहगंज पूर्वी में 23 और किला क्षेत्र में 10 लाउडस्पीकर हटवाए गए।
आवाज कम कराने में भी बारादरी अव्वल
ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले बारादरी थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 127 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराई गई। इसके बाद भोजीपुरा में 274, किला में 164 और शेरगढ़ में 150 मामलों में मानकों के अनुरूप ध्वनि स्तर सुनिश्चित कराया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करने की अपील भी की।