bareillyयुवक का फोटो व मौके पर लगी भीड़।

बरेली। बाढ़ से उफनाई किला नदी में शनिवार दोपहर 27 साल का युवक डूब गया। लोगों की आंखों के सामने वह कुछ दूर तक पानी में दिखाई दिया और फिर तेज बहाव के बीच अचानक ओझल हो गया। युवक की पहचान किला छावनी निवासी राहुल राठौर के रूप में हुई है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को नदी में उतारकर उसकी तलाश शुरू कराई। देर शाम तक राहुल का कोई सुराग नहीं लग सका था।

स्थानीय पार्षद रंजीत के मुताबिक राहुल, किला छावनी निवासी महेंद्र राठौर का बेटा है। वह अपने बड़े भाई सचिन के साथ मिठाई की दुकान पर काम करता था। दुकान किला नदी के पुल के नीचे है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे राहुल नदी किनारे पहुंचा था।

नदी किनारे घूमता रहा राहुल, फिर अचानक पानी में कूदा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल के नदी में डूबने से पहले वहां कई लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि राहुल कथित तौर पर शराब के नशे में था। वह कुछ देर तक नदी के किनारे चहलकदमी करता रहा। इसके बाद अचानक उसने उफनती नदी में छलांग लगा दी। राहुल को नदी में कूदता देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए। तेज बहाव उसे अपने साथ ले गया। कुछ दूरी तक उसका शरीर पानी में दिखाई देता रहा। लोग किनारे से उसे देखते और शोर मचाते रहे, लेकिन देखते ही देखते राहुल गहरे पानी में समा गया और फिर दिखाई नहीं दिया।

लोगों ने पुलिस को दी खबर, नदी में उतरे गोताखोर

राहुल के पानी में ओझल होते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में किला पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोर बुलाए गए और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। घटना की खबर फैलते ही किला नदी के किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहुल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गोताखोर नदी में लगातार उसकी तलाश करते रहे, लेकिन पानी ज्यादा होने और तेज बहाव के कारण तलाश में मुश्किल आ रही है।

बाढ़ से उफान पर किला नदी, शाम तक नहीं मिला राहुल

पिछले दिनों हुई बारिश और बाढ़ के कारण किला नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी में पानी का बहाव भी तेज है। ऐसे में गोताखोरों को राहुल की तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के बारे में जानकारी ली गई है। राहुल की तलाश लगातार जारी है। शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। युवक के लापता होने के बाद परिवार के लोग नदी किनारे उसके मिलने का इंतजार करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *